सतना, सजल कुमार रजक: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सतना जिले के कोलगवां थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द को बनाए रखने का संदेश दिया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मियों और गणमान्य नागरिकों ने देखा। इसके पश्चात, उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सदैव अक्षुण्ण रखने तथा समाज में सद्भावना और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने की सामूहिक शपथ ली।
इस गरिमामयी आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी, फॉरेंसिक प्रभारी महेंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से देश के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अमूल्य योगदान कोद याद किया गया और एक एकजुट तथा मजबूत भारत के संकल्प को दोहराया गया।















