नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसकी तैयारी जोरों से चल रही है। गुरुवार को आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "स्वस्थ लोग ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं और योग इसे सुनिश्चित करता है।" आयुष मंत्रालय 'एक्स' पर लिखा, "जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है। योग के अभ्यास को बढ़ावा देना एक सच्ची समाज सेवा है। अब बस 3 दिन बचे हैं और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए उल्टी गिनती आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है! आइए हम सब मिलकर इस साल की थीम 'स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग' को अपनाएं और जीवनभर की सेहत और खुशहाली की दिशा में एक कदम बढ़ाएं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगाभ्यास किया। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सभी प्रदेशवासियों से विनम्र आग्रह है कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रमों में सहभागिता करें तथा योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

सीएम धामी ने लिखा, "21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व आज प्रातः शासकीय आवास पर अधिकारीगणों व कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने योग की प्राचीन परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और समग्र जीवन संतुलन का आधार भी है।

गुजरात में गिफ्ट सिटी की ओर से गुजरात राज्य योग बोर्ड के साथ मिलकर सेंट्रल पार्क में बड़े पैमाने परअंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन किया। गिफ्ट सिटी के एमडी संजय कुमार ने कहा कि गुजरात योग बोर्ड ने गुजरात सरकार के साथ मिलकर आज गिफ्ट सिटी में योग कार्यक्रम आयोजित किया। इसका मकसद यहां काम करने वाले लोगों को योग से परिचित कराना था। इसमें 2,000 से ज्यादा उत्साही कर्मचारी शामिल हुए। यह प्रधानमंत्री के उस विजन के अनुरूप है जिसके तहत योग को देश और दुनिया भर में आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

बिहार की राजधानी पटना में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योगाभ्यास किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त सचिव वैभव चौधरी ने कहा, "आज आयुष मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में गंगोत्री से गंगासागर योग शिविर का आयोजन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और उन्हें इसके महत्व के बारे में जागरूक करना है।"

पश्चिम बंगाल के हुगली में भी योगाभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार यादव ने कहा कि 21 जून को इंटरनेशनल योग डे है। पिछले 14 दिनों से हम इसकी तैयारी के लिए वर्कशॉप कर रहे हैं। राज्य भर में पुलिस ऑफिस और बूथों पर योग अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। हमने इंटरनेशनल योग डे से पहले एक रिहर्सल भी की गई।

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। 20 जून को वे पश्चिम बंगाल दिवस के लिए तारकेश्वर आएंगे और 21 जून को रेड रोड पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों से पहले, हमने छह दिन का जबरदस्त सफाई अभियान शुरू किया है। हमने इसे 'स्वच्छता से स्वागत' का टैगलाइन दिया है।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले अपने आवास पर क्रीड़ा भारती राजस्थान और आरएसी जवानों के साथ योगाभ्यास किया।