जबलपुर, अनुराग शुक्ला। परम पूज्य श्री बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर गोरखपुर स्थित सनातन धर्मशाला मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गुरु भाई-बहन एवं सेवादार शामिल हुए और पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। श्रद्धालुओं ने एक स्वर में संकटमोचन श्रीहनुमान जी का स्मरण करते हुए गुरुदेव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सनातन धर्म के निरंतर उत्थान की मंगलकामना की। सामूहिक पाठ के दौरान पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से ओतप्रोत दिखाई दिया।


इसके बाद आयोजित भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री नयन कपूर ने श्रीराम, श्रीहनुमान और गुरुभक्ति पर आधारित मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों के बीच पूरा परिसर "जय श्रीराम", "जय हनुमान" और "जय बागेश्वर धाम" के जयघोषों से गुंजायमान रहा।


आयोजन की सफलता में बागेश्वर धाम जबलपुर शिष्य मंडल के गुरु भाई-बहनों एवं सेवादारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वागत, अनुशासन, प्रसादी वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कर उन्होंने सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गुरुदेव के बताए ज्ञान, दान, ध्यान, सेवा, संस्कार और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने भी इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सनातन धर्म की अखंड विजय की प्रार्थना की। आयोजन गुरु भक्ति, सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन चेतना का प्रेरणादायी उत्सव बनकर संपन्न हुआ।