छतरपुर, संजय अवस्थी। थाना जुझारनगर क्षेत्र के बारीगढ़ कस्बे के चौरसिया मोहल्ले में ट्रांसफार्मर की केबल बदलने के दौरान बिजली विभाग के लाइन परिचालक के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस के अनुसार, घटना की रिपोर्ट पर थाना जुझारनगर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत लोक सेवक के शासकीय कार्य में बाधा डालने और हमला करने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
निर्देश के बाद जुझारनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कालू सिंह पिता रामस्वरूप सिंह, धर्मेंद्र सिंह पिता रामस्वरूप सिंह, लोकेश सिंह पिता वीर सिंह निवासी वार्ड क्रमांक 8 बारीगढ़ तथा सचिन अहिरवार पिता राकेश अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 13 बारीगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे आदि भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना तथा लोक सेवकों के साथ अभद्रता, मारपीट या हमला करना कानूनन दंडनीय है। ऐसे मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित कुमार सुमन सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




