गाजीपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक बेदी राम ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के वायरल बयान को लेकर सफाई दी है। राजभर के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने माफिया से संबंध होने की बात कही थी, बेदी राम ने कहा कि उनके बयान का अर्थ गलत तरीके से नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राजभर ने बुंदेलखंड क्षेत्र के दबे-कुचले और वंचित लोगों का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा, बेदी राम ने अग्निवीर योजना में किए गए बदलावों को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया और इसे विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब बताया।ओम प्रकाश राजभर के वायरल बयान पर विधायक बेदी राम ने कहा कि यह बयान बुंदेलखंड क्षेत्र के संदर्भ में दिया गया था। उन्होंने कहा कि वहां पहले माफिया का काफी प्रभाव था और आज भी कुछ लोग मौजूद हो सकते हैं। इस क्षेत्र में पिछड़े और वंचित लोग दबे हुए हैं। ऐसे में राजभर ने उनका मनोबल बढ़ाने के लिए अलग तरह के शब्दों का प्रयोग किया। अलग-अलग क्षेत्रों और परिस्थितियों में शब्दों का इस्तेमाल भी अलग-अलग अर्थों में किया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजभर का उद्देश्य दबे-कुचले लोगों को आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित करना था। शिक्षा और अपने कार्यों के प्रति सजग होने के लिए वंचित वर्गों का हौसला बढ़ाना जरूरी है। राजभर के बयान को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
केंद्र सरकार के अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने और नियमितीकरण के फैसले पर भी बेदी राम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब अग्निवीर योजना शुरू हुई थी, उस समय समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया था और सरकार को लगातार घेरने का प्रयास किया था। अब केंद्र सरकार ने पहले बैच के अग्निवीरों को लेकर जो फैसला किया है, वह विपक्ष के आरोपों का जवाब है। उन्होंने कहा कि 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेना में नियमित किए जाने और शेष 75 प्रतिशत को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिए जाने का निर्णय युवाओं के हित में है।
उन्होंने कहा कि जिन अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जा रहा है, उनके लिए भी सरकार आगे कुछ न कुछ व्यवस्था करेगी। बेदी राम ने इस फैसले को विपक्ष के लिए करारा जवाब बताते हुए कहा कि सरकार ने अग्निवीरों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कदम उठाया है।
अग्निवीर योजना को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पहले सरकार को घेरने के सवाल पर बेदी राम ने कहा कि अब सरकार के फैसले से ही विपक्ष को जवाब मिल गया है। उन्होंने कहा कि 75 प्रतिशत अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाना और 25 प्रतिशत को नियमित करना सरकार की ओर से उठाया गया कदम है। विपक्ष ने जिस योजना को लेकर सवाल उठाए थे, उसी पर सरकार ने बदलाव करते हुए अग्निवीरों के लिए अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराए हैं। सरकार के इस निर्णय से विपक्ष के आरोपों का इससे बेहतर जवाब नहीं हो सकता।













