गुनौर, जीतेन्द्र रजक: गुनौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम साहिलवारा में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमा का भव्य अनावरण विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों और बाबा साहब के अनुयायियों में भारी उत्साह देखने को मिला।

ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व असामाजिक तत्वों द्वारा गांव में स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया था, जिससे क्षेत्र में भारी रोष और नाराजगी का माहौल बन गया था। हालांकि, स्थिति को संभालते हुए प्रशासनिक सहयोग और ग्रामीणों की पहल पर प्रतिमा को दोबारा स्थापित किया गया। विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने नई प्रतिमा का अनावरण कर क्षेत्र में शांति और सद्भाव का एक नया संदेश दिया है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, न्याय और मानव अधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उनकी प्रतिमा का यह पुनः अनावरण समाज में आपसी भाईचारे और समरसता को और अधिक मजबूत करेगा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी और गांव में हमेशा शांति एवं सौहार्द बना रहेगा।

इस गरिमामयी अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच विजय चतुर्वेदी, जिला पंचायत सदस्य ममता शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रीति पटेल, जितेन्द्र सिंह जाटव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।