जबलपुर, अनुराग शुक्ला। जबलपुर के परियट स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्री शिव शक्ति समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘परियट की महारानी’ नवरात्रि महोत्सव पूरे शबाब पर है। प्रतिदिन मां जगदंबा की विशेष पूजा-अर्चना और संगीतमय महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु माता का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंच रहे हैं।

भक्ति संध्या से लेकर प्रतियोगिताओं तक, जानिए पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा

महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक व मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 11 अक्टूबर को मां दुर्गा के भव्य आगमन के साथ शुरू हुए इस उत्सव में हनुमान अष्टमी, सुंदरकांड पाठ और महिला भजन संध्या का सफल आयोजन हो चुका है। 15 अक्टूबर की शाम भव्य देवी जागरण के नाम समर्पित रहेगी। आगामी दिनों में 16 अक्टूबर को रंगोली प्रतियोगिता, 17 अक्टूबर को गरबा उत्सव और 18 अक्टूबर को डांस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके पश्चात 19 अक्टूबर को झंडा पूजन व महाआरती, 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर रावण दहन तथा 21 अक्टूबर को पूर्णाहूति हवन एवं विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। 22 अक्टूबर को भव्य विसर्जन यात्रा के साथ महोत्सव का समापन होगा।

धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्रीय युवाओं और महिलाओं को मिल रहा मंच

श्री शिव शक्ति समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्रीय प्रतिभाओं को निखारना है। गरबा, रंगोली और डांस जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। इन आयोजनों से पूरे परियट क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का माहौल निर्मित हुआ है।

समिति पदाधिकारियों के कुशल नेतृत्व में की जा रही हैं व्यवस्थाएं

महोत्सव को सुचारू और भव्य बनाने में श्री शिव शक्ति समिति के पदाधिकारी और सदस्य रात-दिन जुटे हुए हैं। अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा एवं जितेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में समिति के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा और कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी मुस्तैदी से संभाल रहे हैं।