नई द‍िल्‍ली, 22 नवंबर । नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने अपनी भारत यात्रा के दौरान कहा कि भारत और नीदरलैंड के बीच कई साझा हित हैं। उनकी बातचीत सुरक्षा, तकनीक और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर केंद्रित होगी।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने अपनी भारत यात्रा के दौरान कहा क‍ि भारत और नीदरलैंड के बीच कई साझा हित हैं। आने वाले दिनों में हम अपने द्विपक्षीय संबंधों और हमारे सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करेंगे और अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे। हमारी बातचीत सुरक्षा तकनीक और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर केंद्रित होगी।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन रविवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। बेरेंडसन 22 और 23 नवंबर को भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। वे भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ होने वाली पहली बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, व्यापारिक और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।

दोनों देशों के बीच सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापार एवं निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, दवा उद्योग, चिकित्सा प्रौद्योगिकी और सेमीकंडक्टर शामिल हैं। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, क्वांटम प्रौद्योगिकी और अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में भी साझेदारी बढ़ाने पर जोर है।

भारत और नीदरलैंड के बीच इस वर्ष मई में रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने पर सहमति बनी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन ने 16 मई को हेग में अपनी बैठक के दौरान 2026-2030 के लिए रणनीतिक साझेदारी का पांच वर्षीय रोडमैप अपनाया था। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग को ठोस पहलों और समयबद्ध कार्ययोजनाओं के जरिए आगे बढ़ाना है।

इस रोडमैप में विदेश मंत्रियों के स्तर पर वार्षिक बैठक की व्यवस्था भी शामिल है, ताकि रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जा सके और भविष्य के सहयोग को दिशा दी जा सके।

सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान भी जयशंकर और बेरेंडसन की मुलाकात हुई थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष और प्रधानमंत्री मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान तय हुए सहयोग के बिंदुओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया था।