नई दिल्ली। न्यूजीलैंड को 368 के स्कोर पर रोकने के बाद भारत ने वेलिंगटन स्थित बेसिन रिजर्व में जारी पहले टेस्ट मैच की अपनी की पहली पारी 720/9 के स्कोर पर घोषित की। इसी के साथ टीम इंडिया ने 352 रन की बढ़त हासिल कर ली। चौथे दिन की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 119 रन बना लिए हैं। यहां से मेजबान टीम भारत से 233 रन पीछे है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने टीम इंडिया के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने मुश्किल परिस्थितियों से शानदार वापसी की है। वासन ने आईएएनएस से कहा, "कमाल कर दिया। पहले दिन भारत का स्कोर 70 रन पर पांच विकेट था। इसके बाद न्यूजीलैंड ने जबरदस्त वापसी की थी, जिससे हमारे हौसले थोड़े कमजोर हुए थे, लेकिन भारतीय टीम ने जिस अंदाज में जवाब दिया, वह काबिल-ए-तारीफ है।"
वासन ने कहा कि मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों में मुश्किल परिस्थितियों में वापसी करने का आत्मविश्वास और जज्बा नजर आता है। उनके मुताबिक, नई पीढ़ी के खिलाड़ियों में यह भरोसा है कि वे किसी भी परिस्थिति में मुकाबले में लौट सकते हैं।
उन्होंने कहा, "पुरानी भारतीय टीमों में बड़े-बड़े नाम थे, लेकिन नए खिलाड़ियों में भी वही मिजाज और आत्मविश्वास दिखाई देता है। न्यूजीलैंड जाकर उसे ग्रीन टॉप पर हराना बड़ी बात है। पहले टीम के चयन को लेकर काफी चर्चा हो रही थी, लेकिन सबसे जरूरी टीम की जीत है। किसी एक मुद्दे का टीम के मनोबल पर असर नहीं पड़ना चाहिए। यह देखकर अच्छा लगा कि टीम एकजुट है।"
अतुल वासन का मानना है कि अगर भारत यह टेस्ट मैच जीतने में सफल रहता है तो यह टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाली बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में टीम के लड़खड़ाते प्रदर्शन के बीच ऐसी जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास दोबारा मजबूत होगा।
भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। शनिवार को भाजपा ने दिग्गज स्पिनर को पार्टी की राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी बनाया है, वासन ने चहल के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी का खेल के अलावा सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने के लिए आगे आना अच्छी बात है।
उन्होंने कहा, "अच्छा लगता है जब कोई व्यक्ति अपनी जिंदगी में एक नए क्षेत्र में कदम रखता है। उनका शौक होगा और उन्हें लगता होगा कि वह सार्वजनिक सेवा में योगदान दे सकते हैं। वह एक बड़ा नाम हैं और उन्हें देखकर काफी लोग प्रेरित होते हैं। एक समय आता है जब सभी खिलाड़ियों को क्रिकेट छोड़ना पड़ता है। युजवेंद्र चहल ने काफी क्रिकेट खेल लिया है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। वह काफी समझदार हैं और शतरंज के खिलाड़ी भी हैं। मुझे यकीन है कि वह आगे भी अपना योगदान देंगे।"














