भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य के 23 वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय (वल्लभ भवन) द्वारा गुरुवार, 18 जून 2026 को जारी इस आदेश के तहत कई अधिकारियों को प्रशासनिक आवश्यकता के चलते तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्थानांतरित किए गए अधिकांश सहायक संचालकों और प्राचार्यों को उनके नए जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) का अतिरिक्त प्रभार भी अस्थाई रूप से सौंपा गया है।


इन अधिकारियों के हुए तबादले (प्रमुख नाम):

श्री सच्चिदानंद पाण्डेय (उप संचालक), जो वर्तमान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) सतना के प्राचार्य थे, उन्हें अब जिला शिक्षा अधिकारी कटनी नियुक्त किया गया है। श्री आकाश सिंह यादव (सहायक संचालक) को अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक भिण्ड से हटाकर सहायक संचालक, कार्यालय DEO शिवपुरी पदस्थ किया गया है। सुश्री ऐश्वर्या मूदड़ा (सहायक संचालक) को अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक विदिशा से सहायक संचालक, कार्यालय DEO अशोकनगर भेजा गया है। सुश्री आकांक्षा रावत (सहायक संचालक) छतरपुर से अब सहायक संचालक, कार्यालय DEO पन्ना की कमान संभालेंगी। श्री अमित जैन (सहायक संचालक) पन्ना से सहायक संचालक, कार्यालय DEO टीकमगढ़ भेजे गए हैं। सुश्री धनश्री जैन (सहायक संचालक) कटनी से अब सहायक संचालक, कार्यालय DEO छतरपुर में सेवाएँ देंगी। इसके अलावा श्री गौतम बर्वे (डिण्डौरी), श्री पुष्पेन्द्र सस्तिया (धार), श्री सिद्धांत बागडे (सतना), श्री अतुल चौधरी (शहडोल) और सुश्री शीलू शर्मा (राजगढ़) समेत कुल 23 अधिकारियों की सूची जारी की गई है।


मिलेगा DEO का अतिरिक्त प्रभार

स्कूल शिक्षा विभाग की उप सचिव मंजूषा राय द्वारा जारी इस आधिकारिक आदेश के अनुसार, सूची में सरल क्रमांक 2 से 22 तक अंकित सभी लोक सेवकों को उनके नवीन पदस्थापना वाले जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) का अतिरिक्त प्रभार अस्थाई रूप से तत्काल प्रभाव से सौंप दिया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक जारी रहेगी। शासन ने आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण, संचालक राज्य शिक्षा केंद्र, संबंधित संयुक्त संचालकों और जिला कोषालय अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।