छतरपुर/ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। कुशवाहा समाज की ओर से सोमवार को भगवान लव-कुश का जन्मोत्सव उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कुर्रा बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भगवान लव-कुश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कुर्रा बस स्टैंड से बिहटा, रामपुर होते हुए ईशानगर खेल मैदान पहुंची, जहां विभिन्न समाजों के लोगों ने यात्रा में सहभागिता की। इसके बाद रामराजा चौराहा, गांधी चौराहा होते हुए शोभायात्रा महावीरन मंदिर परिसर पहुंची, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। डीजे, ढोल-नगाड़ों, भजन मंडली और भगवान लव-कुश की आकर्षक जीवंत झांकी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रही, जबकि जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
सर्व समाज ने बढ़ाया सामाजिक एकता का संदेश
शोभायात्रा में सर्व समाज की सहभागिता विशेष आकर्षण रही। क्षेत्रीय युवा कांग्रेस नेता भुवन विक्रम सिंह (केशु भैया), सरपंच निधि जलज मिश्रा, मुस्लिम समुदाय और रविदास समाज की ओर से शोभायात्रा का स्वागत कर जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में कुशवाहा समाज के जिला स्तरीय नेता आशीष कुशवाहा, विजावर विधायक के पुत्र धनंजय शुक्ला, शिमल कुशवाहा, प्रेम लाल कुशवाहा, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष राजेश रैकवार सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। आयोजकों ने कहा कि भगवान लव-कुश का जन्मोत्सव सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है।




