मुंबई। टीवी एक्ट्रेस जान्हवी सोनी इन दिनों अपने नए शो 'सयोनी' को लेकर चर्चा में हैं। शो में वह सांवी नाम की एक ऐसी लड़की का किरदार निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी मां के प्यार के बिना गुजरी है। सांवी का किरदार उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि इसमें एक ऐसी लड़की की भावनाओं को समझना था, जिसने बचपन से ही मां के साथ का अनुभव नहीं किया। हालांकि, इस किरदार को समझने के लिए जान्हवी को अपने आसपास ही एक ऐसी कहानी मिल गई, जिससे वह काफी हद तक जुड़ पाईं।
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए जान्हवी ने कहा, ''मैंने खुद सांवी जैसी स्थिति का सामना नहीं किया है, लेकिन मेरी एक करीबी दोस्त बचपन से अपनी मां के बिना बड़ी हुई है। वह अपनी मौसी को ही मां की तरह मानती हैं और दोनों के बीच के रिश्ते को मैंने बहुत करीब से देखा है। ऐसे में मेरे मन में अक्सर यह सवाल आता था कि बचपन में स्कूल जाने, एग्जाम देने या जिंदगी के खास पलों को मां के बिना जीना मेरी दोस्त के लिए कैसा रहता होगा।''
'सयोनी' में सांवी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वह एक अनाथालय में पली-बढ़ी है और बचपन से मां के प्यार और परिवार के उस अपनापन से दूर रही है, जिसकी जरूरत हर बच्चे को होती है। हालांकि, उसकी जिंदगी में उसकी मौसी एक अहम जगह रखती हैं। समय के साथ मौसी ही उसके लिए मां जैसी बन जाती हैं और उसकी सबसे बड़ी इमोशनल सपोर्ट बनती हैं।
जान्हवी ने कहा, ''अनाथालय में रहने वाले बच्चों के लिए भी कभी-कभी कोई एक ऐसा व्यक्ति बेहद खास बन जाता है, जिससे वे दिल से जुड़ जाते हैं। वह इंसान उनके लिए परिवार जैसा बन जाता है और उन्हें सुरक्षा, अपनापन और भावनात्मक सहारा देता है। सांवी के किरदार को समझते समय मैंने इसी भावना को पकड़ने की कोशिश की।''
किरदार की तैयारी के बारे में जान्हवी ने कहा, ''मैंने अपनी दोस्त की जिंदगी में जो कुछ देखा और समझा, उसे सांवी के किरदार से जोड़ने की कोशिश की। दोस्त के अनुभव को करीब से देखने की वजह से मैं सांवी के इमोशंस तक पहुंच पाईं और समझ सकीं कि उसके लिए मां जैसी शख्सियत को ढूंढना इतना जरूरी क्यों है। सांवी के लिए यह सिर्फ मां का रिश्ता पाने की चाहत नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी में एक ऐसे इंसान को पाने की जरूरत है, जिसके साथ उसे परिवार और अपनेपन का एहसास हो।''
सर्गुन मेहता के प्रोडक्शन हाउस ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रहे इस शो से रश्मि देसाई भी टीवी पर वापसी कर रही हैं। शो में जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग भी अहम भूमिकाओं में हैं। हाल ही में रिलीज हुए प्रोमो में जान्हवी और गौतम की झलक देखने को मिली।
'सयोनी' का प्रीमियर 23 सितंबर को स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।




