इंदौर। इंदौर की तहसीलों में राजस्व गड़बड़ियों का बड़ा मामला सामने आया है। खुड़ैल तहसील के ग्राम भिंगारिया में 18 हेक्टेयर जमीन के नामांतरण में अनियमितता उजागर हुई है, जिसमें असली वारिसों को बाहर रखकर रिकॉर्ड में बदलाव कर दिया गया। शिकायत के बाद इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जांच कराई, जिसमें एडीएम रोशन राय की रिपोर्ट के आधार पर पटवारी रोहित तिवारी और बाबू मीना यादव को निलंबित किया गया, जबकि नायब तहसीलदार दयाराम निगम को नोटिस जारी किया गया।


मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि अब संबंधित फाइल तहसील से गायब हो गई है। केवल आदेश की कॉपी ही उपलब्ध है। वहीं नायब तहसीलदार ने आदेश पर हस्ताक्षर से इनकार किया है, जबकि पटवारी ने उसी आधार पर जमीन का रिकॉर्ड बदलकर दूसरे के नाम दर्ज कर दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि निलंबित पटवारी बिना अनुमति कई बार विदेश यात्रा कर चुका है। पूरे मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।