छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सटई रोड इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पति द्वारा गुस्से में आकर मोबाइल तोड़ दिए जाने से नाराज होकर पत्नी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घरेलू कहासुनी के बाद गुस्से में पति ने फोड़ा फोन

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, सटई रोड निवासी सुनील अहिरवार और उनकी पत्नी आरती अहिरवार के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। बहस के दौरान बात इतनी बढ़ गई कि पति सुनील ने आपा खो दिया और पत्नी का मोबाइल फोन तोड़ दिया। मोबाइल टूटने और पति के व्यवहार से आहत होकर आरती ने खौफनाक कदम उठाते हुए घर में रखा विषैला पदार्थ खा लिया।

मोमोज का ठेला लगाता है पति, अस्पताल में जारी है इलाज

पत्नी की तबीयत बिगड़ती देख पति सुनील अहिरवार बिना देर किए उसे तुरंत छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित दंपत्ति का एक छोटा बच्चा भी है और सुनील सटई रोड पर मोमोज का ठेला लगाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता है।