चेन्नई। भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे में अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से जीत लिया। चेन्नई वनडे में भारत की जीत के हीरो प्रसिद्ध कृष्णा रहे, जिन्होंने दमदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। कृष्णा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, "मैं टीम के लिए सच में बहुत खुश हूं। हमने एक टीम पर जितनी भी योजनाएं बनाई थीं, मैच के दौरान उसे लागू करने में सफल रहे।"

कृष्णा ने कहा कि आईपीएल में गुजरात टाइटंस और भारतीय टीम में अच्छे गेंदबाजों के साथ खेलने का फायदा होता है। जब आपके साथ बहुत अच्छे गेंदबाज होते हैं तो यह बहुत मददगार होता है। आप एक-दूसरे से सीखते रहते हैं। नेट्स में हमेशा प्रतियोगिता बनी रहती है। आपके आस-पास का सही ग्रुप आपको आगे बढ़ाता है। आप हमेशा एक-दूसरे को बेहतर करने की कोशिश करते हैं। मुझे लगता है कि इसका फायदा हुआ है।

मैच के दौरान लगातार छठा ओवर फेंकने और अपना 5वां विकेट लेने के सवाल पर कृष्णा ने कहा, "मुझे थोड़ी देर के लिए यह ख्याल आया, लेकिन फिर मैंने खुद से कहा कि मुझे अभी बहुत मैच खेलना है। लेकिन फिर मैंने निर्णय बदला। मैं पांच विकेट से ज्यादा खुश हूं, लेकिन अगर मुझे यह नहीं मिला होता, तो मुझे यकीन है कि हम फिर भी जीतने वाली टीम में होते। इसलिए मैं इससे ज्यादा खुश हूं।"

प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी की और 8.2 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट लिए और अफगानिस्तान को 218 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। यशस्वी जायसवाल के नाबाद 110 और रोहित शर्मा के 79 रन की मदद से भारत ने 28.4 ओवर में 1 विकेट पर 224 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीता।

कप्तान शुभमन गिल प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। गिल ने 3 मैचों की 2 पारियों में 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाते हुए 238 रन बनाए थे।