सागर, जीशान खान। बंडा क्षेत्र में दूषित शराब पीने से हुई मौतों और लोगों के बीमार पड़ने के मामले में सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली।

मंत्री ने कहा कि दूषित शराब से प्रभावित लोगों और मृतकों के परिजनों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उनके बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी। जिन पीड़ित परिवारों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा देने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें आर्थिक सहायता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

आंखों में गंभीर परेशानी वाले तीन मरीज एम्स भेजे

बीएमसी के निरीक्षण के दौरान मंत्री को तीन मरीजों की आंखों में गंभीर परेशानी की जानकारी मिली। इनमें सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार शामिल हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने तीनों मरीजों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल एम्स भोपाल भेजने की व्यवस्था कराई। उन्होंने फोन पर भोपाल एम्स के चिकित्सकों से चर्चा कर मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद तीनों मरीजों को भोपाल रवाना किया गया।

राजपूत ने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

दोषियों को नहीं बख्शेंगे

दूषित शराब मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार ने घटना को गंभीरता से लिया है। पुलिस और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं और शराब माफिया पर भी सख्ती जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि दिग्विजय सिंह को उनकी पार्टी का हाईकमान और कांग्रेस गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए दिग्विजय सिंह अनर्गल बयान देते रहते हैं। राजपूत ने उन्हें “ट्वीट मास्टर” बताते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को अब अपनी उम्र के अनुसार भगवान का भजन करना चाहिए।

जीतू पटवारी को बताया बचकाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी मंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी उनमें बचपना है और उन्हें राजनीति में और गंभीर होने की जरूरत है। इतने गंभीर मामले में राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होकर उन्हें राहत पहुंचाने का काम करना चाहिए।

बोले- 25 साल की राजनीति में जुआ, सट्टा और शराब का साथ नहीं दिया

अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर राजपूत ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से राजनीति में हैं, लेकिन उन्होंने या उनके परिवार ने कभी जुआ, सट्टा और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन नहीं किया। न ऐसे लोगों को संरक्षण दिया गया और न ही किसी तरह की मदद की गई।

उन्होंने कहा कि राजनीति में रोजाना हजारों लोग मिलते हैं। लोग माला पहनाते हैं, फूल देते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। किसी व्यक्ति के साथ फोटो होने या उसके द्वारा माला पहनाने का मतलब यह नहीं है कि उससे घनिष्ठ संबंध हैं या उसे संरक्षण दिया गया।

मंत्री ने दोहराया कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर घटना, मरीजों के उपचार, पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।