छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर भक्ति, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों का सुंदर माहौल देखने को मिला। नवरात्रि के इस पवित्र अवसर पर छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने अपने शिकारपुर स्थित आवास पर पूरे विधि-विधान के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया। पूजन के दौरान कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानते हुए उनका आदर-सत्कार और विशेष पूजा-अर्चना की गई। नाथ परिवार द्वारा वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व सांसद ने भक्ति भाव से कन्याओं की आराधना की।
नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा और पांढुर्णावासियों को दीं नवरात्रि की शुभकामनाएं
कन्या पूजन के उपरांत पूर्व सांसद नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा तथा नवगठित पांढुर्णा जिले के सभी नागरिकों को शारदीय नवरात्रि की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और निरंतर खुशहाली की कामना की।
कन्या पूजन के माध्यम से समाज को दिया धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का संदेश
इस विशेष आयोजन के माध्यम से नकुलनाथ ने समाज में भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। नवरात्रि के पवित्र दिनों में मां दुर्गा की उपासना और कन्या पूजन को शक्ति साधना का प्रमुख आधार माना जाता है, जिसे शिकारपुर आवास पर पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न किया गया।
















