छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता बलराम श्रीवास के साथ कथित मारपीट के मामले ने बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। पूर्व सांसद नकुलनाथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अचानक पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की त्वरित व निष्पक्ष जांच की मांग की।
रास्ता रोककर विधायक निवास ले जाने और मोबाइल छीनकर अभद्रता करने का आरोप
पूर्व सांसद नकुलनाथ ने आरोप लगाया कि अमरवाड़ा से विधायक कमलेश शाह के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ता बलराम श्रीवास को रास्ते में जबरन रोका गया और विधायक निवास ले जाकर मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित कार्यकर्ता का मोबाइल छीन लिया गया और उससे अमर्यादित एवं गाली-गलौज भरे संदेश भेजे गए।
पुलिस प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
पुलिस कंट्रोल रूम में अपनी बात रखते हुए नकुलनाथ ने कहा कि इतिहास में पहली बार नाथ परिवार का कोई सदस्य किसी शिकायत को लेकर थाने या कंट्रोल रूम के चौखट तक आया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में पुलिस प्रशासन को तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया है कि यदि निर्धारित समय के अंदर दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरी कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। इस अल्टीमेटम के बाद अब सबकी नजरें पुलिस की जांच पर टिकी हुई हैं।
















