छतरपुर, संदीप यादव। किशनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुपी की दर्जनों महिलाओं ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गांव में शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। महिलाओं ने एसपी के नाम आवेदन सौंपकर अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब की बिक्री के कारण कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि परिवार के पुरुष दिनभर मजदूरी कर करीब 500 रुपये कमाते हैं, लेकिन शाम को अपनी मेहनत की कमाई शराब में खर्च कर देते हैं। नशे की हालत में घर लौटने के बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से विवाद तथा मारपीट की स्थिति बनती है।
महिलाओं के अनुसार शराब की लत के कारण गांव में घरेलू विवाद लगातार बढ़ रहे हैं। कई परिवारों में पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया है कि कुछ महिलाएं पति और ससुराल छोड़कर मायके जाने को मजबूर हो रही हैं। इससे परिवारों का माहौल खराब होने के साथ बच्चों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से गांव में शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने और अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि शराब की बिक्री बंद होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरने के साथ घरेलू विवादों में भी कमी आ सकती है।




