भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश भू-अभिलेख प्रबंधन समिति द्वारा आयोजित संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती 2026 के चयनित अभ्यर्थी लंबे समय से न्यायालय व कार्यालय आवंटन सूची का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि मेरिट सूची जारी होने के बाद 10 जून 2026 तक चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कराई जा चुकी थी। हालांकि, महीनों बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा अब तक अलॉटमेंट लिस्ट जारी नहीं की गई है और न ही आगामी नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कोई आधिकारिक सूचना दी गई है। इससे चयनित उम्मीदवारों के बीच असमंजस और अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।
आबंटन सूची जारी होने में हो रही देरी से अभ्यर्थियों को अपने संभावित कार्यस्थल, आवास और आवागमन जैसी प्राथमिक तैयारियों की योजना बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए समस्त चयनित संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने आयुक्त, मध्य प्रदेश भू-अभिलेख प्रबंधन समिति, भोपाल को एक आवेदन पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। अभ्यर्थियों ने अनुरोध किया है कि चॉइस फिलिंग के आधार पर अलॉटमेंट लिस्ट शीघ्र जारी की जाए, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन और अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि यदि प्रशासनिक कारणों से कोई विलंब हो रहा है, तो उसकी संभावित समय-सीमा आधिकारिक रूप से सार्वजनिक की जाए।




