इंदौर, रविकांत वर्मा: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के एरोड्रम थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक खाली मैदान में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान सागर जिले के मकरोनिया निवासी संजय कुलमी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
दोस्त से मिलने इंदौर आया था युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संजय कुलमी घटना से दो से तीन दिन पहले अपने एक दोस्त से मिलने के लिए इंदौर आया था। मैदान में शव मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यमों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से उसकी शिनाख्त की।
शरीर पर चोट के निशान और फटे कपड़े
मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और उसके कपड़े भी फटे हुए पाए गए हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस और परिजनों द्वारा प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दोस्त की तलाश में जुटी पुलिस, मोबाइल आ रहा स्विच ऑफ
घटना के बाद से पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस अब उस दोस्त की तलाश में जुटी है, जिससे मिलने संजय इंदौर आया था। पुलिस द्वारा उस दोस्त की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि उसका मोबाइल फोन फिलहाल स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी या संदिग्ध दोस्त के मिलने के बाद ही पूरे मामले का से पर्दा उठ सकेगा।

















