इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ 15 वर्षीय कनिष्क बोयत की अभ्यास के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कनिष्क अपने बड़े भाई दिव्यांश के साथ स्कीम नंबर 78 स्थित अटल मैदान में गया था। दिव्यांश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए रोज़ाना मैदान में दौड़ और कसरत करता है। रविवार को कनिष्क सिर्फ़ अपने भाई की प्रैक्टिस देखने गया था, लेकिन वहाँ भाई को व्यायाम करते देख वह खुद भी कसरत करने लगा।

इसी दौरान कनिष्क अचानक बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। बड़े भाई दिव्यांश ने आसपास मौजूद लोगों की सहायता से तुरंत उसे सीपीआर (CPR) दिया, लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल पास के अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, कनिष्क के दिल में बचपन से ही छेद था। परिजन उसके इलाज और ऑपरेशन के लिए उसे दूसरे शहर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इससे पूर्व सात वर्ष पहले भी वह इसी तरह अचानक गिर पड़ा था। लसूड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।