पन्ना/शाहनगर, प्रियप्रकाश तिवारी। शारदीय नवरात्रि पर्व के चलते शाहनगर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। हरदोल चौक पर विराजमान नगर लाडली के दर्शन और आरती में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो रहा है। आकर्षक साज-सज्जा और मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

कई वर्षों से स्थापित हो रही माता रानी की प्रतिमा

शाहनगर के हरदोल चौक पर विगत कई वर्षों से नवरात्रि के अवसर पर माता रानी की प्रतिमा स्थापित की जाती है। नगर लाडली के आगमन पर युवाओं द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य झांकी निकाली गई थी। आयोजन को सफल बनाने में नगर के युवाओं की सक्रिय भागीदारी रहती है। प्रतिमा स्थापना से लेकर व्यवस्थाओं तक श्रद्धालु उत्साहपूर्वक सहयोग कर रहे हैं।

आरती में शामिल होकर सुख-समृद्धि की कर रहे कामना

प्रतिदिन शाम को हरदोल चौक पर आयोजित आरती में श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर माता रानी की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भक्त माता के समक्ष शीश झुकाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और नगर की उन्नति की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि के चलते नगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।