सागर/देवरी , त्रिवेन्द्र जाट। जिले के देवरी नगर में दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर ऐतिहासिक भव्य चल समारोह पूरी भव्यता के साथ निकाला गया। आस्था और सामाजिक सहभागिता के इस महापर्व में विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों ने हिस्सा लिया, जिससे संपूर्ण नगर मां की भक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया। चल समारोह में शामिल मां दुर्गा की दिव्य और आकर्षक झांकियों ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके साथ ही हनुमान अखाड़े की शोभायात्रा में शामिल पहलवानों व कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज व साहसिक प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अल्केश जैन ने पीतल का त्रिशूल भेंटकर समितियों का किया सम्मान
चल समारोह का नगरपालिका तिराहे पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अल्केश जैन ने नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पधारीं समस्त देवी प्रतिमाओं की उत्सव समितियों के योगदान को सराहा और उन्हें सम्मान स्वरूप पीतल का त्रिशूल भेंट किया। इस गरिमामयी सम्मान समारोह के दौरान पूर्व विधायक भानु राणा तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी मनोहर बिझवार सहित क्षेत्र के अनेक प्रशासनिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सहजपुर तिराहे से सिविल लाइन तक जुटी हजारों की भीड़, भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ उत्सव
मां भगवती के विसर्जन और चल समारोह के दर्शनों के लिए सहजपुर तिराहे से सिविल लाइन तक पूरा मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हजारों की संख्या में पहुंचे नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की नयनाभिराम प्रतिमाओं के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। पूरे देवरी नगर में दिनभर जयकारों की गूंज और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए देवरीवासियों ने एक साथ मिलकर दशहरा पर्व को अत्यंत आनंद और उल्लासपूर्वक मनाया।













