सागर, स्वाति सोलंकी। शहर में बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। शहर के प्रतिष्ठित पीटीसी ग्राउंड पर नगर निगम के तत्वावधान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम का गवाह बनने के लिए हजारों की संख्या में शहरवासी मैदान में पहुंचे। पूरा प्रांगण 'जय श्रीराम' के जयघोष से गूंज उठा और हर तरफ उत्सव का माहौल नजर आया।

भजनों और नृत्य की प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ माहौल

मुख्य आयोजन से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में राधे-राधे संकीर्तन के कलाकारों ने अपनी मधुर धुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान पूरा माहौल भगवान श्रीराम की भक्ति में लीन दिखाई दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े और विधायक शैलेंद्र जैन सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

श्रीराम के स्वरूप ने किया रावण वध, सतरंगी आतिशबाजी ने मोहा मन

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के तहत भगवान श्रीराम के स्वरूप में पहुंचे कलाकारों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रतीकात्मक बाण चलाकर 51 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। कुछ ही मिनटों में रावण का पुतला धू-धू कर जलकर राख हो गया। रावण दहन के साथ ही आकाश में भव्य रंग-बिरंगी आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जिसकी सतरंगी रोशनी ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया और लोगों ने इस पल को अपने कैमरों में कैद किया।