छतरपुर, शिवम सोनी। शहर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहर माने जाने वाले प्राचीन ग्वाल मगरा तालाब के अस्तित्व पर इन दिनों अतिक्रमण का गंभीर संकट मंडरा रहा है। तालाब की बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने की नीयत से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर मिट्टी का पुराव (भराव) किया जा रहा है। इसके जरिए तालाब के हिस्से को धीरे-धीरे समतल कर पक्के अतिक्रमण का रास्ता तैयार किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर इस अवैध भराव का मामला लगातार सामने आने के बावजूद नगर पालिका और जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। जिम्मेदार अधिकारियों की इस चुप्पी से शहर के आम नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मिट्टी भराव पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में शहर का यह प्राचीन जलस्रोत पूरी तरह सिकुड़कर खत्म हो जाएगा।
बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि शहर के बीचों-बीच स्थित इस प्राचीन तालाब की भूमि पर रात के अंधेरे में खुलेआम मिट्टी कैसे डाली जा रही है और संबंधित विभाग के अधिकारी इससे अनजान क्यों बने हुए हैं। अब शहरवासियों की निगाहें जिला प्रशासन और नगर पालिका पर टिकी हैं कि वे कब तक इस मामले में संज्ञान लेकर मौके की जांच कराते हैं और तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराते हैं।

















