भोपाल। मध्य प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर मंडरा रहे संकट और उन्हें हटाए जाने की चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा और राहत भरा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि राज्य में कार्यरत किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को हटाने का सरकार का कोई निर्णय नहीं है। कर्मचारियों को बाहर किए जाने की खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि आउटसोर्स नियुक्तियों की वर्तमान व्यवस्था पूर्व की भांति यथावत जारी रहेगी।


40 कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह में बोले मुख्यमंत्री—कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

दरअसल, मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कर्मचारी हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का स्वागत व आभार व्यक्त किया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में अधिकारियों और कर्मचारियों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार कर्मचारियों के हितों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों के चेहरे पर संतुष्टि और मुस्कान होगी, तभी मध्य प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर सकेगा।


दो संतान की अनिवार्य शर्त समाप्त, पदोन्नति में CPCT से छूट और 1 लाख से अधिक को लाभ

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा कर्मचारी हित में लिए गए कई ऐतिहासिक फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति तथा कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी अनिवार्य नीति को समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में निर्धारित शर्तों के अधीन सीपीसीटी (CPCT) की अनिवार्यता से भी छूट प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। सरकार के सतत प्रयासों से अब तक एक लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है, जिससे विभागों की कार्यक्षमता बढ़ी है।


26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशनरों के लिए बड़ा कदम

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कर्मचारियों से जुड़े करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया गया है, ताकि वेतन और भत्तों के भुगतान में कोई अनावश्यक विलंब न हो। दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को संबल देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है, जिसके तहत अकेले स्कूल शिक्षा विभाग में एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। इसके साथ ही, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DR) प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से सहमति लेने की वर्षों पुरानी जटिल व्यवस्था को समाप्त किए जाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु 'राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग' के गठन को भी उन्होंने सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।


कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार, अटकलों पर लगा पूर्ण विराम

कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने पदोन्नति, वेतन विसंगतियों के निराकरण और अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े फैसलों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी और भविष्य में भी लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई। बहरहाल, मुख्यमंत्री के इस स्पष्ट बयान के बाद प्रदेश भर के हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों के बीच नौकरी जाने को लेकर चल रहे संशय और चर्चाओं पर विराम लग गया है।