नई दिल्ली। भाजपा नेताओं ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए दावा किया कि विपक्षी दल ‘लोकतंत्र खतरे में है’ का नारा लगाते हैं, जबकि असल में विपक्ष की सरकारों में लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा नेताओं ने तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद पर सरकार की जमकर आलोचना की।

भाजपा नेता तुहिन सिन्हा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दी थी कि कार्तिगई दीपम के दिन, एक बार के उपाय के तौर पर, उसी जगह पर दीप जलाया जाए, जहां भक्तों ने अनुरोध किया था। लेकिन कल मदुरै के जिला मजिस्ट्रेट ने इस फैसले की खुलेआम अवहेलना करते हुए किसी दूसरी जगह पर दीप जला दिया। यह सीधे तौर पर सुप्रीम कोर्ट की अवमानना है और इस तरह जब लोकतंत्र के एक अहम स्तंभ यानी न्यायपालिका पर हमला होता है या उसकी अवमानना की जाती है तो यह सीधे लोकतंत्र पर ही हमला है।

भाजपा नेता ने कहा कि सीएम विजय एक नया चेहरा हैं और जिनसे तमिलनाडु के हिंदुओं को बहुत उम्मीदें थीं, तो यह एक तरह से हिंदुओं के साथ धोखा है। लेकिन एक और बड़ी बात यह है कि राहुल गांधी, जो पूरी दुनिया में घूम-घूमकर कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है, मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि अगर लोकतंत्र कहीं खतरे में है, तो वह विपक्ष शासित राज्यों में है, यहां तमिलनाडु में है, जहां विजय की सरकार के साथ आपका गठबंधन है। राहुल गांधी आज स्टैंड नहीं लेते हैं, तो यह साबित हो जाएगा कि सरकार सुनियोजित तरीके से सुप्रीम कोर्ट की अवमानना करने पर उतारू हो गई है।

भाजपा नेता सीआर केशवन ने कहा कि मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके-कांग्रेस सरकार ने 'दीपाथून' पर 'कार्तिगई दीपम' जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करके तमिलनाडु की जनता के साथ विश्वासघात किया है। सरकार ने भगवान मुरुगन के भक्तों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है और वह तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। तमिलनाडु की जनता इसे भूलेगी नहीं और सरकार को उसके इन कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराएगी।

वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि वह सदियों पुरानी पवित्र भूमि, जहां सदियों से कार्तिक पूर्णिमा यानी 'कार्तिगई दीपम' के अवसर पर दीप जलाए जाते रहे हैं और जिस तरह से इस पवित्र पहाड़ी की चोटी पर दीप प्रज्वलित किया जाता है, उस एक दीप को लेकर इतनी नफरत। भगवान मुरुगन की उस पवित्र भूमि को हिंदुओं के हत्यारे सिकंदर से जोड़कर देखना और पहले हाई कोर्ट तथा फिर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का खुलेआम उल्लंघन करना, एक चुनी हुई सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या करने जैसा है। हमें विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले को गंभीरता से लेगा और टीवीके सरकार तथा उससे जुड़े सभी प्रशासनिक और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि तिरुप्परनकुंद्रम में तमिलनाडु की टीवीके सरकार और प्रशासन ने जिस तरह मद्रास उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों की अवहेलना करते हुए कल भी निर्धारित स्थान यानी दीपाथून, पर दीप जलने नहीं दिया। सब जानते हैं कि यह न्यायपालिका की अवमानना और हिंदू आस्था का खुलेआम अपमान है।

भाजपा नेता किलारू दिलीप ने कहा कि तमिलनाडु में टीवीके सरकार उन लगभग 300 लोगों को निशाना बना रही है, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से 'कार्तिगई दीपम' जलाने की कोशिश की थी। यह एक तरह से चुनिंदा पुलिस कार्रवाई है। कोई भी सरकार संविधान या सुप्रीम कोर्ट से ऊपर नहीं है और प्रशासन को लोगों के अपने धर्म का पालन करने के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। सरकार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ काम नहीं करना चाहिए और न ही हिंदू धार्मिक प्रथाओं पर रोक लगानी चाहिए। मुख्यमंत्री विजय को यह याद रखना चाहिए कि हिंदुओं सहित सभी समुदायों के लोगों ने उन्हें वोट दिया है, इसलिए उन्हें ऐसे काम करने से बचना चाहिए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हों।