छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर एसडीओपी अमित मेश्राम को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप यादव, वरिष्ठ नेता संजय अग्निहोत्री, नगर अध्यक्ष सर्विस तिवारी, शिवम यादव, छुट्टन मंसूरी समेत करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने पिछले दिनों कोठी चौराहा स्थित भारत मेडिकल में जेसीबी से की गई तोड़फोड़ के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने मेडिकल दुकान में तोड़फोड़ कर अंदर रखी दवाइयों को नुकसान पहुंचाया। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।


कांग्रेस ने नगर के दो पुलिस सहायता केंद्रों और एक पुलिस चौकी पर स्थायी रूप से पुलिस बल तैनात करने की भी मांग रखी। नेताओं का कहना था कि पुलिस सहायता केंद्र होने के बावजूद पर्याप्त बल की तैनाती न होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।


ज्ञापन में मनसा देवी मंदिर के पास एक महिला से मंगलसूत्र लूटने की घटना का भी जिक्र करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। इसके अलावा नगर में हो रही अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई और पुलिस बल बढ़ाने की अपील की गई, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।


कांग्रेस नेताओं ने नगर में कथित अवैध शराब और गांजा बिक्री का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।


कांग्रेस का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से नगर में पुलिस व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को सक्रियता बढ़ाते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में बल तैनात करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की जरूरत है। एसडीओपी अमित मेश्राम को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से नगर की कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की।