छतरपुर/ईशानगर। छतरपुर जिले के ईशानगर कस्बे में मंगलवार को एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नगर स्थित जैन मंदिर के सामने सागर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने पैदल जा रही एक गर्भवती महिला को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गहरवार निवासी रानी साहू (30 वर्ष), पति रामस्वरूप साहू, अपने दो छोटे बच्चों के साथ सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप वाहन (क्रमांक MP 15 ZK 3708) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के वक्त महिला की गोद में करीब दो साल का मासूम बच्चा था, जो झटके के साथ सड़क पर दूर जा गिरा। गिरने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, साथ चल रही बच्ची इस हादसे में बाल-बाल बच गई और उसे कोई चोट नहीं आई।


बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन सागर की ओर से बिजली विभाग के खंभों के तार लोड कर अचट्ट की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति काफी तेज थी, जिसके चलते चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और ईशानगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।