जबलपुर, अनुराग शुक्ला। श्री बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली हिंदू एकता रथयात्रा को लेकर जबलपुर शिष्य मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडल प्रभारियों एवं सेवादारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर यात्रा में जबलपुर की सहभागिता, सेवा व्यवस्था और जन-जागरूकता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सेवादारों को श्रद्धालुओं की सहायता, वाहन समन्वय, सेवा कार्य एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न दायित्व सौंपे गए।
50 से 100 वाहनों के साथ सहभागिता की तैयारी
बैठक में जबलपुर शिष्य मंडल की ओर से करीब 50 से 100 वाहनों के साथ रथयात्रा में सहभागिता की तैयारी पर चर्चा हुई। वाहन चालकों, सेवादारों और प्रभारियों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी तय की गई। साथ ही अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से परिवार सहित यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया गया।
दो टीमों द्वारा होगी जल सेवा
यात्रा के दौरान जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए जबलपुर से दो विशेष सेवा टीमों के गठन का निर्णय लिया गया। दोनों टीमें निर्धारित दिन एवं रात्रि विश्राम स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं और आमजन के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करेंगी। सेवा के लिए आवश्यक सामग्री एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।
जन-जागरूकता पर भी रहेगा जोर
बैठक में डिजिटल माध्यमों के साथ प्रत्यक्ष रूप से लोगों तक पहुंचकर उन्हें यात्रा से जोड़ने पर जोर दिया गया। सेवादारों से सेवा, अनुशासन, सहयोग, सद्भाव और सनातन मूल्यों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। मंडल प्रभारी श्याम मिश्रा, दिनेश पटेल, संतोष दुबे एवं विपिन साहू सहित मनीष चड्ढा, निखिल ताम्रकार, अतीत पाठक, अनुराग शुक्ला, शरद, आशीष, आशीष दुबे, राहुल, आलोक तिवारी, प्रदीप पटेल, प्रदीप गुप्ता, अमित दुबे, नरेंद्र पटेल सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे।











