मुंबई। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने मंगलवार को कहा कि एविएशन कैटरिंग कंपनी ताजएसएटीएस के साथ चल रही उसकी इन-फ्लाइट कैटरिंग सुविधा विंटर 2026-27 शेड्यूल (जो 25 अक्टूबर से 27 मार्च 2027 तक चलेगा) से पहले एयरलाइंस के बढ़ते ऑपरेशन्स में मदद करने के लिए तैयार है।एयरपोर्ट परिसर में मौजूद यह फ्लाइट किचन अभी रोजाना 40 से ज्यादा उड़ानों के लिए खाना तैयार करता है और इसमें हर दिन 7,500 तक मील बनाने की क्षमता है।

इसके अलावा, एयरलाइन और यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इस सुविधा को बढ़ाकर रोजाना 15,000 मील तैयार करने योग्य बनाया जा सकता है।

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चीफ एयरपोर्ट ऑफिसर, सुभाष मुरिकेंचरी ने कहा, "जैसे-जैसे एनएमआईए अपना एयरलाइन नेटवर्क बढ़ा रहा है, यह जरूरी है कि हमारा सपोर्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी उसके साथ-साथ बढ़े।"

उन्होंने कहा, "ताजएसएटीएस का फ्लाइट किचन एयरलाइंस को बढ़ती मांग को पूरा करने की सुविधा देता है और यात्रियों के लिए खाने-पीने के अनुभव को बेहतर बनाता है।"

इस सुविधा में प्रोडक्शन इंफ्रास्ट्रक्चर, रेफ्रिजरेशन सिस्टम और ऑपरेशनल प्रोसेस शामिल हैं, जिन्हें एयरलाइन के शेड्यूल और मांग में होने वाले बदलावों के हिसाब से काम करने के लिए डिजाइन किया गया है।

एयरपोर्ट परिसर में इसकी लोकेशन का मकसद उड़ान भरने वाले विमानों तक खाना पहुंचाने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

एनएमएआई ने कहा कि यह सुविधा भारत से आने-जाने वाली इंटरनेशनल एयरलाइंस के लिए भोजन की व्यवस्था की सुविधा देती है, जिससे उन्हें उड़ान भरने की जगह के पास ही कैटरिंग का एक और विकल्प मिल जाता है।

एयरपोर्ट के अनुसार, "भारत से उड़ान भरने वाली लगभग 40 प्रतिशत इंटरनेशनल एयरलाइंस अपने खुद के फ्लाइट किचन से कैटरिंग पर निर्भर रहती हैं। एनएमएआई का इन-फ्लाइट कैटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर इसी जरूरत को पूरा करने के साथ-साथ घरेलू एयरलाइंस की कैटरिंग जरूरतों को भी ध्यान में रखकर बनाया गया है।"

एनएमएआई में कैटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को घरेलू एयरलाइंस की जरूरतों के साथ-साथ इन जरूरतों को भी पूरा करने के लिए विकसित किया गया है।

इसके अलावा, यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की एयरलाइंस के लिए कैटरिंग सेवाएं देती है और इसमें खाने-पीने की कई तरह की जरूरतों को पूरा किया जा सकता है, जैसे कि स्पेशल मील, एलर्जी-सेंसिटिव मेन्यू और हलाल मील।

एनएमएआई ने कहा कि किचन फूड सेफ्टी और क्वालिटी स्टैंडर्ड्स का पालन करता है, जिसमें हैजर्ड एनालिसिस एंड क्रिटिकल कंट्रोल पॉइंट्स (एचएसीसीपी), आईएसओ 22000 और भारत के फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी के नियम शामिल हैं।

ताजएसएटीएस चार दशकों से ज्यादा समय से एविएशन कैटरिंग सेक्टर में काम कर रही है और यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी फ्लाइट किचन चलाती है।

एयरपोर्ट ने कहा कि यह सुविधा पहले से ही चालू है और इसे एयरलाइन कनेक्टिविटी और यात्रियों की संख्या में भविष्य की बढ़ोतरी के हिसाब से बढ़ाया जा सकता है।