सतना, सजल कुमार रजक । कोलगवां थाना क्षेत्र की बजरंग कॉलोनी में धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रेरित करने का एक मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी जगविजय वर्मा उर्फ जग्गी की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने नौकरी दिलाने, बीमारी ठीक कराने और मकान उपलब्ध कराने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की कोशिश की। टिकुरिया टोला स्थित बजरंग कॉलोनी में कंचन महतो, रेणु समुद्रे और ईसू समुद्रे पर ये आरोप लगाए गए हैं।


मामले की जानकारी मिलते ही विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाने का काम शुरू किया।


पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।