पन्ना/गुनौर,जीतेन्द्र रजक। जनपद पंचायत गुनौर की ग्राम पंचायत बांधोरा के ग्राम पथरहा में कराए जा रहे चौतरा निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए कथित तौर पर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।


ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सरकारी राशि के उपयोग की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाते हुए मौके पर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण स्थल का भौतिक निरीक्षण कर उपयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता तथा स्वीकृत राशि के अनुरूप हुए कार्य का सत्यापन किया जाना चाहिए।


ग्रामीणों ने सरपंच नन्हे लाल, सचिव राम शिरोमणि द्विवेदी और निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले उपयंत्री हेमंत सोनी पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। हालांकि लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


मामले को लेकर गुनौर सीईओ रानू जैन से जानकारी साझा की गई। उन्होंने मामले की जांच कराने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।


ग्रामीणों ने जनपद पंचायत एवं संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन हुआ है या नहीं और आरोपों में कितनी सच्चाई है।