भोपाल/उज्जैन, जीतेन्द्र यादव। शहर के इंदौर रोड स्थित रामवासा क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बस उज्जैन से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रामवासा क्षेत्र में अचानक बस का टायर फट गया। इसके बाद बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी में टायर फटने के बाद आग लगने की बात सामने आ रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।













