छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। सोमवार रात करीब 8 बजे राजनगर के पास बिला प्रतापपुरा क्षेत्र में एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। लवकुश नगर की ओर से आ रही एसबीआई और हिताची कंपनी की एटीएम कैश वैन के चालक ने सड़क पर रखी तिल की फसल और पत्थरों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। वाहन को रोकने के बजाय तेज रफ्तार में सीधे उनसे टकरा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार हुई कि सड़क पर पड़े भारी पत्थर हवा में उछलकर सामने से आ रही दूसरी कार से जा टकराए। इस भीषण प्रभाव से निर्दोष कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

हादसे के बाद चालक की दबंगई

घटना के बाद भी कैश वैन चालक के रवैये में कोई सुधार नहीं दिखा। मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी निभाने के बजाय उसने पीड़ित कार चालक के साथ अभद्रता की और खुलेआम धौंस जमाई। उसने पीड़ित को चुनौती देते हुए कहा, “जहाँ शिकायत करनी है कर दो, जो कार्रवाई करानी है करवा लो।”

चालक के इस संवेदनहीन और गैर-कानूनी रवैये को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। पीड़ित पक्ष द्वारा जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।