मुंबई। टीवी की दुनिया में किसी शो का लंबे समय तक दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाए रखना आसान नहीं होता। इस बीच जी टीवी का पॉपुलर शो 'वसुधा' भी अपनी कहानी और किरदारों के दम पर दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा है। अब इस शो ने अपने सफर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। 'वसुधा' ने हाल ही में 700 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर शो के कलाकार प्रिया ठाकुर और अभिषेक शर्मा ने अपनी जर्नी और दर्शकों से मिले प्यार को याद किया।

शो में वसुधा का किरदार निभाने वाली प्रिया ठाकुर ने कहा, ''शो के 700 एपिसोड पूरे होना मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है। जब मैं पहली बार शो के ऑडिशन के लिए गई थी, तब मैंने बिल्कुल नहीं सोचा था कि यह मौका मुझे इतनी दूर तक ले जाएगा। मैं बस यह सोचकर ऑडिशन देने गई थी कि चलो, ऑडिशन देकर देखते हैं, क्या होता है। लेकिन, उस एक फैसले ने मेरी जिंदगी में बड़ा बदलाव ला दिया।''

प्रिया ने कहा, ''मैं आज उसी एक ऑडिशन की वजह से 'वसुधा' के साथ 700 एपिसोड पूरे कर चुकी हूं। इस दौरान मुझे न सिर्फ कई खूबसूरत यादें मिलीं, बल्कि दर्शकों से भी बहुत प्यार मिला। शो का लंबे समय तक प्राइम टाइम में नंबर-1 पोजीशन पर बने रहना मेरे लिए इस उपलब्धि को और खास बनाता है। यह मेरे लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है कि दर्शकों ने वसुधा के किरदार को इतना अपनाया।''

प्रिया ने अपने किरदार को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''वसुधा का किरदार मेरे लिए सिर्फ एक रोल नहीं है, बल्कि इस सफर के दौरान मैं इसके साथ खुद भी आगे बढ़ी हूं। एक कलाकार के तौर पर इस किरदार ने मुझे बहुत कुछ सीखने और अलग-अलग भावनाओं को पर्दे पर दिखाने का मौका दिया है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे वसुधा जैसा किरदार निभाने का मौका मिला।''

उन्होंने आगे कहा, ''शो की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है और आने वाले समय में दर्शकों को कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। मैं खुद भी यह जानने के लिए उत्साहित हूं कि कहानी आगे किस दिशा में जाएगी और दर्शकों को आगे क्या देखने को मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह अब तक लोगों ने 'वसुधा' को प्यार दिया है, उसी तरह आगे भी उनका साथ बना रहेगा।''

वहीं, शो में देवांश सिंह चौहान का किरदार निभा रहे अभिषेक शर्मा ने भी 700 एपिसोड पूरे होने पर अपनी खुशी जाहिर की। अभिषेक ने कहा, ''कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जिन्हें कलाकार सिर्फ निभाता है, लेकिन कुछ किरदार धीरे-धीरे उसकी जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। मेरे लिए देवांश भी ऐसा ही किरदार है। मैं हमेशा इस किरदार को अपने दिल के करीब रखूंगा।''

अभिषेक ने कहा, ''700 एपिसोड पूरे करना बहुत बड़ी उपलब्धि है और मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इतनी अच्छी टीम और दर्शकों के साथ इस सफर का हिस्सा बनने का मौका मिला। शो का लगातार प्राइम टाइम में नंबर-1 पोजीशन पर बने रहना और वसुधा और देवांश को दर्शकों से मिल रहा प्यार इस पूरी जर्नी को बेहद खास बनाता है।''

'वसुधा' का प्रसारण हर सोमवार से शुक्रवार जी टीवी पर किया जाता है।