पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। ग्राम साहिलवारा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना के बाद मंगलवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा और एसडीएम नरेंद्र सिंह धुर्वे सहित अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।
विधायक की बड़ी घोषणा
विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा के बाद नई डॉ. अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराने का पूरा खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने साहिलवारा में सामुदायिक भवन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
सरपंच ने की नई प्रतिमा मंगाने की पहल
ग्राम पंचायत के सरपंच विजय चतुर्वेदी ने नई डॉ. अंबेडकर प्रतिमा मंगाने की पहल शुरू कर दी है। जल्द ही इसे निर्धारित स्थल पर स्थापित किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली
गुनौर थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि प्रतिमा खंडित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन एवं पुलिस ने ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।











