नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन पर पार्टी नेताओं ने दुख जताया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा को एक मिसाल बताया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके निधन को देश के लिए बड़ी क्षति करार दिया।
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में जायसवाल के निधन को कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा और पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा एक मिसाल है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ हैं।
महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जायसवाल ने पार्टी के प्रति अत्यधिक समर्पण दिखाया और यूपीए सरकार में महत्वपूर्ण मंत्रालयों का प्रभावी नेतृत्व किया।
प्रियंका गांधी ने उन्हें कांग्रेस की विचारधारा और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता बताया। उन्होंने कहा कि जायसवाल जी का जाना कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन को दुखद बताते हुए कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा में रचे-बसे थे और केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने पूरी निष्ठा से कार्य किया। गहलोत ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें सदैव एक निष्ठावान और पार्टी के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन पर कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख

Anubhav Mishra
10 मई 2026, 01:39 am IST
Anubhav Mishra10 मई 2026, 01:39 am IST
