जबलपुर, अनुराग शुक्ला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल 2 नवंबर को संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक आम नागरिकों के साथ पैदल चलकर जनसंपर्क करेंगे। पदयात्रा शहीद स्मारक गोल बाजार से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी।
पदयात्रा मालवीय चौक, लाडगंज, बड़ा फव्वारा, अंधेरदेव, तोताराम चौक और करमचंद चौक होते हुए डी-इंजन मार्ग से पुनः गोल बाजार पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पदयात्रा के माध्यम से लोकतंत्र के समर्थन में जनता के बीच संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन आम जनता की भागीदारी का कार्यक्रम है, जो किसी एक पार्टी या बैनर तक सीमित नहीं है।
पदयात्रा में शहर के व्यापारियों, युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं और आम नागरिकों से शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि संस्कारधानी जबलपुर से लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक व्यवस्था के प्रति सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
















