छतरपुर, प्रहलाद पटेल। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर कुर्मी क्षत्रिय समाज छतरपुर के तत्वावधान में राजनगर में विशाल बाइक रैली एवं जनसभा का आयोजन किया गया। गंज स्थित हनुमान कुटी से दोपहर 2 बजे शुरू हुई रैली में हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए। रैली गंज, देवगांव, खैरी, पहाड़ी, घूरा, बमीठा और खजुराहो होते हुए राजनगर बस स्टैंड पहुंची। मार्ग में जगह-जगह सर्वसमाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर बुलडोजर से फूल बरसाकर रैली का भव्य अभिनंदन किया गया।
राजनगर बस स्टैंड पर पहुंचने के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जय शिवाजी और जय सरदार पटेल के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके पश्चात आयोजित विशाल जनसभा में समाज के जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष रामखेलावन पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों का एकीकरण कर देश को एकता और अखंडता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके अद्वितीय योगदान के कारण ही उन्हें लौहपुरुष की उपाधि मिली। सरदार पटेल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सर्वसमाज के आदर्श और लोकप्रिय महापुरुष हैं। उनके जीवन से हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की प्रेरणा मिलती है।
रैली का गंज में पूर्व भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह टुरया, खैरी में सरपंच सोहन राठी, पहाड़ी में युवा टीम, घूरा में युवा जिलाध्यक्ष कमलेश पटेल, बमीठा में सरपंच सनत मंजू जैन तथा सद्दपुरा में एडवोकेट शंकरलाल पटेल एवं सरमन पटेल ने स्वागत किया। जगह-जगह हुए भव्य स्वागत और पुष्पवर्षा से रैली का उत्साह देखते ही बना।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. घासीराम पटेल, जिलाध्यक्ष रामकृपाल पटेल, पूर्व प्रत्याशी विनोद पटेल, अध्यक्ष कमलेश पटेल, एडवोकेट भागीरथ पटेल, एडवोकेट सूर्यकुमार पटेल, अयोध्या पटेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। उत्साह, उल्लास और सामाजिक एकता के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।















