उज्जैन। उज्जैन के भूखी माता मंदिर रोड पर विशाल आश्रम और गोशाला का निर्माण करवा रहे निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर डॉ. इंद्रदेव महाराज के खिलाफ मुंबई में यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला दर्ज हुआ है। मुंबई की एक महिला श्रद्धालु की शिकायत पर पुलिस ने इंद्रदेव के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने महामंडलेश्वर पर लगातार अश्लील फोन व वीडियो कॉल करने, कपड़े उतारने का दबाव बनाने, वृंदावन स्थित आश्रम में जबरन शारीरिक संबंध बनाने और ऑडियो सबूत नष्ट करने के लिए धमकाने जैसे कई संगीन आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद अखाड़ा परिषद ने कड़ा रुख अपनाते हुए महामंडलेश्वर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
पीड़िता के अनुसार, वह पारिवारिक शांति और समस्याओं के समाधान के लिए धार्मिक प्रवचनों से जुड़ने के प्रयास में थी। जनवरी 2023 में सोशल मीडिया और टीवी के माध्यम से इंद्रदेव महाराज के संपर्क में आई। अप्रैल 2023 में मुंबई के सांताक्रुज में आयोजित एक सत्संग के दौरान उसने महाराज से दीक्षा ली। इसके बाद दिसंबर 2023 में पुनः आयोजित सत्संग में उसने अपनी निजी समस्याएं साझा कीं, जिस पर महाराज ने उसे समस्या समाधान का भरोसा दिलाते हुए निरंतर संपर्क में रहने और सेवा कार्य करने की बात कही।
ये भी पढ़ें




शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जून 2024 और नवंबर 2025 में इंद्रदेव महाराज ने उसे वीडियो कॉल किया, जिसमें वे कथित तौर पर नग्न अवस्था में थे और उन्होंने 'गुरु की आज्ञा' का हवाला देकर महिला को भी वस्त्र उतारने के लिए विवश करने का प्रयास किया। इसके अतिरिक्त, महिला का आरोप है कि 4 नवंबर 2025 को जब वह अपनी पुत्री के साथ वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम में ठहरी हुई थी, तब देर रात महाराज ने उसे अपने कमरे में बुलाया और कमरा बंद कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आश्रम में उसकी पहचान न्यूजीलैंड की एक 60 वर्षीय महिला श्रद्धालु से हुई थी। अप्रैल 2026 में बातचीत के दौरान जब उस विदेशी महिला ने महाराज पर नाड़ी परीक्षण के बहाने महिलाओं को रात में बुलाने का संदेह जताया, तो पीड़िता ने अपनी आपबीती साझा की और बातचीत से जुड़ी 7-8 ऑडियो रिकॉर्डिंग उस महिला को भेज दीं। महिला का आरोप है कि रिकॉर्डिंग साझा होने की बात पता चलने पर इंद्रदेव ने उसे फोन पर धमकाया, खुदकुशी करने की बात कहकर भावनात्मक दबाव बनाया और बाद में बदनामी का हवाला देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव के बाद पीड़िता ने मुंबई पुलिस की शरण ली।
इस संवेदनशील मामले पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महामंडलेश्वर इंद्रदेव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिल चुकी है। पूरे प्रकरण को लेकर अखाड़े के पंचों की एक आपात बैठक बुलाई जाएगी, जिसके बाद तथ्यों के आधार पर इंद्रदेव को निरंजनी अखाड़े से निष्कासित करने की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।















