उज्जैन, अशोक दायमा। जिले की बड़नगर तहसील के भिड़ावद, लोहारिया और रावदिया गांवों में गोवर्धन पूजन के अवसर पर वर्षों पुरानी एक अनूठी परंपरा पूरी आस्था के साथ निभाई गई। क्षेत्र में सुख-समृद्धि और मन्नत पूरी होने की कामना को लेकर एक दर्जन से अधिक युवक सड़क पर मुंह के बल लेट गए। इसके बाद ढोल-धमाकों के साथ सैकड़ों गायों को उनके ऊपर से दौड़ाया गया। इस अचरज भरे और अनूठे आयोजन को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
ग्रामीणों की दृढ़ मान्यता है कि गोमाता के खुरों यानी पैरों का स्पर्श मिलने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और मन की इच्छाएं पूरी होती हैं। उनका मानना है कि गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए उनका आशीर्वाद बेहद पवित्र है। परंपरा का पालन करते हुए मन्नतधारी दीपावली से ठीक पांच दिन पहले ग्यारस के दिन अपने घर छोड़कर माता भवानी मंदिर पहुंचे थे। वहां उन्होंने पांच दिनों तक कठोर उपवास रखकर भजन-कीर्तन किया। आयोजन के दिन सुबह गायों को स्नान कराकर उनके सींगों और शरीर को आकर्षक रंगों से सजाया गया। इसके बाद गौरी पूजन, नारियल अर्पण और गायों की विशेष पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद ढोल-धमाकों के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें मन्नतधारी सड़क पर सो गए और उनके ऊपर से गायों का झुंड गुजरा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह परंपरा कई पीढ़ियों से निरंतर चली आ रही है, हालांकि इसकी शुरुआत कब हुई थी, इसकी सटीक जानकारी किसी के पास नहीं है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि गोमाता की कृपा से अब तक इस आयोजन के दौरान कभी कोई मन्नतधारी घायल नहीं हुआ है।













