छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मौराह गांव के रहने वाले 24 वर्षीय सुनील अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई है। इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने उसके जीजा और अन्य लोगों पर बेहद अमानवीय और शर्मनाक कृत्य करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस की समय पर कार्रवाई न करने और रिपोर्ट दर्ज न किए जाने के कारण युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया।

मेला जलविहार से लौटते समय हुआ विवाद मृतक के पिता राजेश अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती 6 नवंबर को सुनील अपने जीजा अखिलेश अहिरवार और उसके साथियों के साथ मेला जलविहार देखने गया था। मेला घूमने के बाद जीजा उसे अपने घर ले जा रहा था। रास्ते में सभी ने मिलकर शराब पार्टी की, जिसके दौरान कथित तौर पर नशे में सुनील के साथ जमकर मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान सुनील के साथ अत्यंत अमानवीय व्यवहार करते हुए उसके मुंह में पेशाब तक पिलाई गई। घटना के तुरंत बाद सहमे हुए सुनील ने फोन करके अपने पिता को पूरी आपबीती बताई थी, जिसके बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया गया था।

थाना क्षेत्र के फेर में उलझी पुलिस और रिपोर्ट न दर्ज होने का आरोप परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुनील को थाने ले गई। चूंकि सुनील सिविल लाइन थाना क्षेत्र का रहने वाला था और घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई थी, इसलिए क्षेत्राधिकार के असमंजस और कागजी कार्रवाई के चलते समय पर मामला दर्ज नहीं किया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि सुनील की बहन चंदा ने अखिलेश अहिरवार के साथ प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते परिवार में आपसी तनाव भी था। हालांकि, उस दौरान पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर उठाया जहरीला कदम परिजनों के अनुसार, अपने साथ हुए इस अमानवीय कृत्य, बेइज्जती और पुलिस थाने से न्याय न मिलने की टीस से सुनील अंदर से पूरी तरह टूट चुका था। इसी मानसिक आघात और तनाव के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मुख्य रूप से अखिलेश अहिरवार, सुरेन्द्र अहिरवार, शिवम अहिरवार और राहुल अहिरवार समेत दो अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जो सभी ढिलापुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, यह पूरी घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र के रामपुर ढीलापुर के पास की है।

पुलिस की जांच जारी घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मारपीट की यह घटना किन परिस्थितियों में घटी और शुरुआती स्तर पर पुलिस की क्या भूमिका रही थी।