छतरपुर, रोहित पाठक। पूरी दुनिया के लिए आस्था का केंद्र बने बागेश्वर धाम में रोशनी के पर्व दीवाली के पावन अवसर पर अमर शहीदों और देश की सीमाओं पर फौलाद बनकर खड़े सैनिकों को समर्पित 11 हजार दीप जलाए गए। हर दीप की लौ मानो उन वीरों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान की कहानी बयां कर रही थी, जिनकी वजह से देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रहकर त्योहार मना पाते हैं।श्रद्धालुओं में देश के वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का भाव भी नजर आया।
बागेश्वर महाराज ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि दीपावली पर अपने परिवार और घर की खुशियों के साथ देश के शहीदों और सैनिकों के नाम भी एक दीप अवश्य जलाएं। उन्होंने कहा कि सरहद पर फौलाद बनकर खड़े हमारे सैनिकों की बदौलत ही हम अपने घरों में चैन की सांस ले पाते हैं और पूरे गर्व के साथ त्योहार मना पाते हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले इन जवानों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उनके सम्मान में जलाया गया एक दीप भी हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। बागेश्वर धाम में आयोजित इस दीपोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने वीर जवानों के सम्मान में दीप प्रज्वलित किए।
जम्मू से पहुंचे सुखविंदर सिंह, गुजरात की कोमल और आयुषी तथा उत्तराखंड के केवी पाल ने इस आयोजन को अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताया।उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम में देश के वीर जवानों के नाम दीप जलाने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का विषय है। यह सिर्फ दीपावली का उत्सव नहीं, बल्कि उन सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे रहते हैं। बागेश्वर धाम में प्रज्वलित 11 हजार दीपों ने यही संदेश दिया कि देश के जवान भले ही सरहद पर तैनात हों, लेकिन पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उनके त्याग और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा।















