देवास, हेमंत गुर्जर। मध्य प्रदेश के देवास जिले के बहुचर्चित खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी हत्याकांड और अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और शराब तस्करी सिंडिकेट की सबसे अहम कड़ी मनीष जायसवाल को देवास पुलिस की विशेष टीम ने गुजरात से धर दबोचा है। शराब तस्करी के इस काले कारोबार में मनीष जायसवाल की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे खातेगांव लेकर आई, जहां न्यायालय में पेश कर आगे की सघन पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
टीआई दिलीप पुरी को कर्तव्य के दौरान ट्रक से कुचलकर मारने की सनसनीखेज वारदात के बाद से ही देवास पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीमें आरोपियों के पीछे लगी हुई थीं। मनीष जायसवाल की गिरफ्तारी इस पूरे मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में से एक मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि मनीष से रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ में शराब सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन, गुजरात में शराब के खरीदारों और इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क के कई अनसुलझे राज बेनकाब होंगे।
ये भी पढ़ें




गौरतलब है कि पुलिस इस मामले में पहले ही राहुल जायसवाल, विजय राव, केरम सिंह चंगोड़ और गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू सहित कई प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में आरोपी अक्कू और धीरज के पैर में गोली लगने से वे घायल भी हुए थे। वहीं, प्रकरण से जुड़े एक अन्य आरोपी मोहीन जायसवाल की पूर्व में अहमदाबाद में मौत हो चुकी है। अब इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े आरोपियों में केवल पटेंद्र जायसवाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इससे पूर्व पुलिस की विशेष जांच टीम ने हरदा और टिमरनी में शराब कारोबार से जुड़े व्यावसायिक दफ्तरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर सिंडिकेट के मुनाफे और टैक्स चोरी के हिसाब-किताब की डायरियां, करोड़ों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और भारी नकदी बरामद की थी। जांच में तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की फाइनेंसिंग, कियोस्क बैंक खातों के जरिए किए गए भुगतान और फास्टैग डेटा के आधार पर महू, पीथमपुर और आलीराजपुर के रास्ते गुजरात तक शराब पहुंचाने के पूरे रूट का भी पर्दाफाश हो चुका है। अब मुख्य हिस्सेदार मनीष जायसवाल के पुलिस शिकंजे में आने के बाद इस खूनी शराब सिंडिकेट की जड़ों पर अंतिम प्रहार तय माना जा रहा है।















