मुंबई। मलयालम अभिनेता और निर्देशक जोजू जॉर्ज की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'परिपड़ी' के मेकर्स ने सोमवार को अभिनेत्री ऐश्वर्या चंद्रन के किरदार का खुलासा किया, जिसके बाद फैंस के मन में उत्सुकता देखने को मिल रही है।

मेकर्स ने इंस्टाग्राम के जरिए बताया कि फिल्म में अभिनेत्री ऐश्वर्या चंद्रन गायत्री नामक किरदार निभा रही हैं। उन्होंने अभिनेत्री का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "'परिपड़ी' के 100 किरदारों का खुलासा। किरदार नंबर-4। ऐश्वर्या चंद्रन गायत्री के रूप में। 'परिपड़ी'।"

जोजू जॉर्ज द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'परिपड़ी' में अभिनेता अजयन अडत सुकु नामक किरदार निभा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अजयन अडत फिल्म का साउंड डिजाइन भी संभाल रहे हैं। फिल्म में ऐश्वर्या और अजय के अलावा, सैजू कुरुप, विनीत थट्टिल डेविड और रितु मंत्रा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसी साल अप्रैल में मेकर्स ने फिल्म के टाइटल 'परिपड़ी' का आधिकारिक ऐलान किया था।

त्रिशूर (विशेष रूप से चालक्कुडी) की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक बड़े कैनवास पर बनी इंटेंस एक्शन-थ्रिलर है, जिसकी टैगलाइन "नेवर मिस्टेक साइलेंस" रखी गई है। जोजू जॉर्ज द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'परिपड़ी' दिसंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। सुपरहिट फिल्म 'पानी' के बाद यह निर्देशक के रूप में जोजू जॉर्ज की दूसरी फिल्म है, जिसमें वह खुद मुख्य भूमिका भी निभा रहे हैं।

प्रसिद्ध तमिल संगीतकार युवान शंकर राजा इस फिल्म के जरिए मलयालम सिनेमा में बतौर संगीतकार अपना डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म का पहला गाना और थीम ट्रैक 'पाटटटट' अक्टूबर 2026 में जारी किया जा चुका है।

काव्या फिल्म कंपनी की ओर से वेणु कुन्नापिल्ली द्वारा निर्मित 'परिपड़ी' में एडिटिंग मनु एंटनी की है और स्टंट कोरियोग्राफी नेशनल अवॉर्ड विजेता स्टंट कोरियोग्राफर जोड़ी अंबरीव की है। प्रोडक्शन डिजाइन साबू मोहन संभाल रहे हैं। फिल्म का मेकअप एनजी रोशन का है जबकि कॉस्ट्यूम मेल्वी जे ने डिजाइन किए हैं।

फिल्म को दिसंबर 2026 (क्रिसमस के आसपास) में मलयालम, तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ समेत पांच भाषाओं में पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा।