छतरपुर,लोकेन्द्र। छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज पुलिस चौकी इलाके में जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे विवाद ने अचानक ऐसा तूल पकड़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडों और सब्बल से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें कुल 7 लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, महाराजगंज निवासी बबलू लखेरे (52), परशुराम लखेरा (60), बाबू लखेरे (27), भूपेंद्र लखेरा (17) और मालती (45) एक पक्ष से घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से घनश्याम लखेरा (65), राजेश (45), कालीचरण (35) और रौशनी (40) घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार आपसी कहासुनी भी हो चुकी थी, लेकिन आज विवाद अचानक उग्र हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और लोहे के सब्बल का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग घायल हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बबलू लखेरा, घायल
“हम लोग अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग आए और अचानक हमला कर दिया…”


