दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना अंतर्गत केरबना चौकी क्षेत्र के खडेरी गांव से एक बार फिर पुरानी रंजिश के चलते मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पुराने विवाद को लेकर चार लोगों ने मिलकर एक युवक का रास्ता रोक लिया और उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

घटना के संबंध में घायल युवक रामचंद्र यादव ने बताया कि वह किसी काम से नाला की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुरानी रंजिश पालने वाले चार लोगों ने उसे अचानक घेर लिया। आरोपियों ने बिना कुछ कहे उस पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं पाया और उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।

मारपीट की इस घटना की सूचना तुरंत बटियागढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हमलावरों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का ही प्रतीत हो रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।