मैहर, नरेन्द्र पटेल। जिले के अमरपाटन-रामनगर क्षेत्र में बीते 14 दिनों से आतंक का पर्याय बने रेडियो कॉलर युक्त नर जंगली हाथी E-5 (C-4) को आखिरकार बुधवार देर रात वन विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रामनगर के मनकहरी के घने जंगलों में चले करीब 12 घंटे लंबे इस जटिल और जोखिम भरे ऑपरेशन के बाद रात लगभग 11 बजे हाथी को दो डार्ट लगाकर ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर दिया गया। इस सफलता के बाद क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों और वन अमले ने बड़ी राहत की सांस ली है। बेहोश करने के बाद हाथी को सुरक्षित वाहन में लोड कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

बांधवगढ़ से आए थे चार प्रशिक्षित कुमकी हाथी

अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार सुबह से ही मनकहरी के जंगलों में वन विभाग की संयुक्त टीमों ने हाथी की घेराबंदी शुरू कर दी थी। घना जंगल होने और हाथी के लगातार आक्रामक रुख अपनाने के कारण रेस्क्यू दल को बेहद सावधानी बरतनी पड़ी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सटीक रणनीति अपनाते हुए जंगली हाथी पर दो डार्ट दागे, जिसके प्रभाव से रात 11 बजे वह पूरी तरह अचेत हो गया। जंगली हाथी को नियंत्रित करने और आगे बढ़ने से रोकने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से प्रशिक्षित कुमकी हाथी गौतम, सूर्या, श्याम और संजय टाइगर रिजर्व से लाया गया विशालकाय कुमकी हाथी बापू मैदान में उतारे गए थे, जिनकी मदद से हाथी को चारों ओर से घेरा गया।

बांधवगढ़, संजय टाइगर रिजर्व और मुकुंदपुर के विशेषज्ञों ने संभाला मोर्चा


इस हाई-लेवल रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए बांधवगढ़, संजय टाइगर रिजर्व और मुकुंदपुर से विशेषज्ञों की विशेष टीमें बुलाई गई थीं। ऑपरेशन में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सहायक संचालक अनुपम सहाय, वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. राजेश तोमर, मुकुंदपुर जू से डॉ. नितिन गुप्ता, संजय टाइगर रिजर्व से अभय सेंगर और मैहर डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा, अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी, रेंजर शुभम खरे, एसडीओ सिद्धार्थ दीपांकर समेत 200 से अधिक वनकर्मी, अधिकारी और सुरक्षा बल मुस्तैद रहे।

बाणसागर डैम तैरकर पार कर मैहर की सीमा में दाखिल हुआ था हाथी

यह जंगली नर हाथी 28-29 अक्टूबर की दरमियानी रात बाणसागर डैम के विशाल जलभराव को तैरकर पार करते हुए रामनगर जनपद की सेमरिया ग्राम पंचायत में दाखिल हुआ था। इसके बाद से वह लगातार मनकहरी, सेमरिया और आसपास के जंगलों व खेतों में ठिकाना बदलकर फसलों व संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहा था। वन अमला लगातार उसकी ट्रैकिंग कर रहा था, लेकिन वह हर बार चकमा देकर आबादी क्षेत्र की ओर रुख कर लेता था। जनसुरक्षा और संपत्ति के बढ़ते खतरे को देखते हुए बीते शनिवार को 'एलीफेंट एडवाइजरी कमेटी' की आपात बैठक में इस हाथी को ट्रेंकुलाइज कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व शिफ्ट करने का अंतिम निर्णय लिया गया था।